देश के 4 हाईकोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीश नियुक्त, 2 इसी महीने हो जाएंगे रिटायर

गुजरात उच्च न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति सोनिया गिरिधर गोकानी को इसका मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है. शपथ लेने के बाद वह किसी उच्च न्यायालय में इकलौती महिला मुख्य न्यायाधीश होंगी. भारत में 25 उच्च न्यायालय हैं.

Edited by - Zee Hindustan Web Team | Last Updated : Feb 12, 2023, 04:27 PM IST
  • दो चीफ जस्टिस कुछ ही दिनों में होंगे रिटायर.
  • 10 दिन पद पर रहेंगे जस्टिस जसवंत सिंह.
देश के 4 हाईकोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीश नियुक्त, 2 इसी महीने हो जाएंगे रिटायर

नई दिल्ली. देश के चार उच्च न्यायालयों में रविवार को मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की गई. इनमें से दो न्यायाधीश इस महीने ही सेवानिवृत्त होने वाले हैं. गुजरात उच्च न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति सोनिया गिरिधर गोकानी को इसका मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है. शपथ लेने के बाद वह किसी उच्च न्यायालय में इकलौती महिला मुख्य न्यायाधीश होंगी. भारत में 25 उच्च न्यायालय हैं.

न्यायमूर्ति सबीना हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर काम कर रही हैं. न्यायमूर्ति गोकानी 25 फरवरी को सेवानिवृत्त होंगी. वह गुजरात न्यायिक सेवा से हैं. उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने पिछले सप्ताह उनके नाम की सिफारिश करते हुए कहा था, 'सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश होने के अलावा मुख्य न्यायाधीश के तौर पर न्यायमूर्ति गोकानी की नियुक्ति से समावेशन और मुख्य न्यायाधीश के पद पर सेवाओं से लिए गए न्यायाधीशों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होगा.’

महज दस दिन तक रहेंगे पद पर
शुक्रवार को न्यायमूर्ति गोकानी को गुजरात उच्च न्यायालय का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था जबकि इसके मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरविंद कुमार को पदोन्नति देकर उच्चतम न्यायालय में नियुक्त कर दिया गया. ओडिशा उच्च न्यायालय के सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति जसवंत सिंह को त्रिपुरा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है. वह 22 फरवरी को सेवानिवृत्त होंगे.

न्यायमूर्ति इंद्रजीत महंती के सेवानिवृत्त होने के बाद त्रिपुरा उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश का पद कुछ समय से खाली पड़ा था. उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश 65 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होते हैं जबकि उच्च न्यायालय के न्यायाधीश 62 साल की आयु में सेवानिवृत्त होते हैं. 

राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति संदीप मेहता को गौहाटी उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है. गौहाटी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह को जम्मू कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है.

इसे भी पढ़ें- Delhi Mayor Election: मेयर के चुनाव के लिए इस दिन होगी एमसीडी की बैठक, उपराज्यपाल ने दी मंजूरी

Zee Hindustan News App: देश-दुनिया, बॉलीवुड, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल और गैजेट्स की दुनिया की सभी खबरें अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें ज़ी हिंदुस्तान न्यूज़ ऐप.

ट्रेंडिंग न्यूज़