Bird Flu in Ranchi: होली पर मुर्ग-मुसल्लम का कर रहे हैं प्लान तो यह खबर आपके लिए ही है
Advertisement
trendingNow0/india/bihar-jharkhand/bihar1599345

Bird Flu in Ranchi: होली पर मुर्ग-मुसल्लम का कर रहे हैं प्लान तो यह खबर आपके लिए ही है

Bird Flu in Ranchi: केंद्रीय जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री अर्जुन मुंडा के रांची स्थित सरकारी आवास में मुर्गियों की मौत के बाद कराए गए सैंपल जांच से बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी.

Bird Flu in Ranchi: होली पर मुर्ग-मुसल्लम का कर रहे हैं प्लान तो यह खबर आपके लिए ही है

रांचीः Bird Flu in Ranchi: रांची में होली के मौके पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है. झारखंड की राजधानी में बर्ड फ्लू के फैलने की पुष्टि हो चुकी है. ऐसे में प्रभावित इलाकों में मुर्गे-मुर्गियों को मारने के आदेश दिए गए हैं. इसके लिए अभियान शुरू कर दिया गया है. रांची के जेल चौक से लेकर एक किलोमीटर के दायरे का इलाका इन्फेक्टेड जोन के तौर पर चिन्हित किया गया है. हालांकि शहर के कुल 10 किलोमीटर की परिधि में मुर्गे-मुर्गियों, पक्षियों और अंडों के बेचे जाने पर रोक लगा दी गई है. जिनके मुर्गे मारे जाएंगे, मालिकों को उनका मुआवजा भी दिया जाएगा.

जानकारी के मुताबिक, रांची जिला प्रशासन, नगर निगम, पशुपालन विभाग और रांची पुलिस की टीम रांची के जेल मोड़, करमटोली, लोहराकोचा और आसपास के इलाकों में मुर्गे-मुर्गियों को मारने निकली है. रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की ओर से बताया गया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार इन्फेक्टेड एरिया में मुर्गे-मुर्गियों, बत्तख और पक्षियों को मारकर डिस्पोज किया जाता है. लोगों से अभियान में सहयोग की अपील की गई है. सरकार की गाइडलाइन के अनुसार जितने मुर्गे-मुर्गियों और पक्षियों को मारा जाएगा या अंडे बर्बाद किए जाएंगे, उनके मालिकों को मुआवजा भी दिया जाएगा.

ऐसे हुई थी बर्ड फ्लू की पुष्टि
असल में केंद्रीय जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री अर्जुन मुंडा के रांची स्थित सरकारी आवास में मुर्गियों की मौत के बाद कराए गए सैंपल जांच से बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी. इसके बाद केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन मंत्रालय ने राज्य के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक सभी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा था. 

एक हफ्ते में मरी थीं 45 मुर्गियां
बता दें कि रांची के जेल मोड़ के पास केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के आवासीय परिसर के अंदर सुरक्षाकर्मियों और दूसरे कर्मचारियों ने 55 से 60 की संख्या में रंगीन देसी मुर्गे-मुर्गियां पाली थीं. यहां एक हफ्ते के दौरान 45 से ज्यादा मुर्गियों की मौत हो गई, तब संदेह होने पर पशुपालन विभाग की ओर से इनके सैंपल को जांच के लिए भोपाल भेजा गया, जहां बर्ड फ्लू होने की पुष्टि कर दी गई.

 

Trending news