द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति चुने जाने पर बिहार में भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न, मंत्री मंगल पांडेय ने भी दी बधाई
Advertisement

द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति चुने जाने पर बिहार में भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न, मंत्री मंगल पांडेय ने भी दी बधाई

मंगल पांडे ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि देश के लिए यह गर्व का दिन है की नये राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू को देख रहे हैं. उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद की एक अनुसूचित जनजाति में जन्म लेने वाली महिला को सर्वोच्च पद पर भेजने का काम किया.

(फाइल फोटो)

पटना : भारत के राष्ट्रपति चुनाव का परिणाम सामने आ गया है. देश के 15 वें राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू चुनकर आई हैं. आपको बता दें कि NDA की उम्मीदवार के तौर पर द्रौपदी मुर्मू थीं और सामने विपक्ष के उम्मीदवार के तौर पर यशवंत सिन्हा मैदान में थे. द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला के तौर देश के राष्ट्रपति पद पहुंचने वाली हैं.  

मंगल पांडे ने द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति चुने जाने पर दी बधाई
इसको लेकर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बधाई दी. मंगल पांडे ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि देश के लिए यह गर्व का दिन है की नये राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू को देख रहे हैं. उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद की एक अनुसूचित जनजाति में जन्म लेने वाली महिला को सर्वोच्च पद पर भेजने का काम किया. मंगल पांडे ने आगे कहा कि शुरू से स्पष्ट था कि द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति होंगी, NDA के मत प्रतिशत से ही साफ था और अन्य दलों ने भी समर्थन दिया. उन्होंने विपक्ष के बयानों पर कहा कि इन लोगों को सोच समझकर बयान देना चाहिए था. 

बेगूसराय के भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ द्रौपदी मुर्मू की जीत पर मनाया जश्न
भाजपा की राष्ट्रपति उम्मीदवार डॉ द्रौपदी मुर्मू की जीत पर भाजपा के कार्यकर्ताओं के द्वारा काफी उत्साह देखने को मिला है. इस जीत के बाद भाजपा के कार्यकर्ता पूरे देश में जश्न मना रहे हैं. इसी कड़ी में बेगूसराय के भाजपा के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर जीत का भरपूर जश्न मनाया. इस दौरान भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे. 

 

द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति पद पर जीत मिलने पर अररिया में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
NDA समर्थित राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को चुनाव में भारी बहुमत मिला है और वह देश की अगली पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनेंगी. जिसको लेकर अररिया के भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है. द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने चांदनी चौक पर जमकर आतिशबाजी की एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाया और मिठाई बांटी. इस मौके पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि देश में पहली बार आदिवासी समाज की बेटी राष्ट्रपति पद पर बैठने वाली है जो अपने आप में बहुत बड़ी बात है. 

द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर नवादा में भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न
द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर नवादा में भी जमकर हुई आतिशबाजी. यहां भाजपा के कार्यकर्ताओं ने द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद खूब जश्न मनाया. यहां भाजपा के पूर्व विधायक ने लोगों के बीच मिठाई बांटी, विरोधियों पर साधा निशाना और कहा कि विरोधी चारों खाने चित्त हुए. 

ये भी पढ़ें- President Election Results: द्रौपदी मुर्मू बनीं देश की 15वीं राष्ट्रपति, यशवंत सिन्हा को दी मात

भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिसुआ के पूर्व विधायक अनिल सिंह के नेतृत्व में विजय जुलूस निकालकर प्रजातंत्र चौक पर जमकर आतिशबाजी किया. साथ ही मिठाईयां बांटकर खुशी का इजहार किया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को शुभकामनाएं भी दी. इस मौके पर पूर्व विधायक अनिल सिंह ने कहा कि आज देश के लिए ऐतिहासिक दिन है. उन्होंने कहा कि देश में पहली बार आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है,. इसी को लेकर आज नवादा में भाजपा कार्यकर्ता खुशी में सराबोर हैं. उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी भूमिका का निर्वहन करते हुए आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मु को राष्ट्रपति बनाने का काम किया है, मैं इसके लिए भी उन्हें तहे दिल से धन्यवाद देते हैं. 

मुजफ्फरपुर के आरबीबीएम कॉलेज के छात्राओं ने भी मनाया जश्न 
मुजफ्फरपुर के रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय में द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर शिक्षकों और छात्राओं ने एक साथ एक दुसरे को अबीर-गुलाल लगाकर, दीप जलाकर, ढोल-ताशा बजाकर और मिठाई खिलाकर एक साथ होली और दिवाली मनाया. छात्राओं के हाथों में खुशी के साथ राष्ट्रपति मुर्मू की तस्वीर लेकर भारत माता की जय और महिलाओं का सम्मान भारत की पहचान के खूब नारे भी लगाये. प्राचार्य डॉ ममता रानी ने कहा कि देश में पहली बार आदिवासी समाज से आनेवाली एक साधारण परिवार की महिला को देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होने से हम महिलाओं का मान बढ़ा है. हम सब सब अह्लादित हैं. भारत सदा से महिलाओं को पूजता आया है. हम देश को भारत माता कहते हैं और आदिवासी महिला के राष्ट्रपति चुने जाने से महिलाओं का सम्मान के साथ भारत की सभ्यता और संस्कृति का भी मान पूरे विश्व में बढ़ा है.

Trending news