द्रौपदी मुर्मू के महामहिम चुने जाने पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दी बधाई
Advertisement

द्रौपदी मुर्मू के महामहिम चुने जाने पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दी बधाई

President Draupadi Murmu: झारखंड की पूर्व राज्यपाल रहीं द्रौपदी मुर्मू की जीत पर देशभर में खुशी का माहौल है. इसी कड़ी में झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यालय में रंग, गुलाल और आतिशबाजी का दौर रहा.

(फाइल फोटो)

रांची: President Draupadi Murmu: झारखंड की पूर्व राज्यपाल रहीं द्रौपदी मुर्मू की जीत पर देशभर में खुशी का माहौल है. इसी कड़ी में झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यालय में रंग, गुलाल और आतिशबाजी का दौर रहा. दोपहर बाद जब से ये खबरें आनी शुरू हुईं कि एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू जीत की ओर बढ़ रही हैं, रांची समेत सभी जिलों के भाजपा प्रदेश कार्यालयों में खुशी का माहौल रहा. जीत की घोषणा के बाद झारखंड के वरिष्ठ भाजपा नेताओं की तरफ से बधाईयों का तांता लग गया. 

रघुवर दास ने डॉ द्रौपदी मुर्मू को दी जीत की बधाई
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पद पर निर्वाचित हुई है, यह बहुत ही गौरव की बात है. आजादी के 75 वर्ष के अवसर पर एक आदिवासी सामान्य परिवार की महिला को पहली बार इस पद पर एनडीए की सरकार ने पहुंचाया है. उन्होंने कहा कि इससे पहले एक दलित परिवार के व्यक्ति को एनडीए सरकार में राष्ट्रपति पद पर पहुंचाया था. उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल रही हैं और उनके साथ हमें काम करने का मौका मिला है. वे बारीडीह स्थित जेहरा टोला में आयोजित द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति निर्वाचित होने के अवसर पर आदिवासी समाज को संबोधित कर रहे थे.

ये भी पढ़ें- President Election Results: द्रौपदी मुर्मू बनीं देश की 15वीं राष्ट्रपति, यशवंत सिन्हा को दी मात

उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में आदिवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. चाहे बिरसा मुंडा हो, चांद भैरव हो, फूलों झानू हो इन लोगों का बलिदान स्वतंत्रता आंदोलन में रहा है और आज पूरा राष्ट्र गौरवान्वित है. राष्ट्रपति पद पर एक आदिवासी महिला निर्वाचित हुई हैं.  उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इस लोकतंत्र में राष्ट्रपति पद के सर्वोच्च पद पर एक महिला आदिवासी को राष्ट्रपति बनाया गया है. यह काम केवल भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार ही कर सकती है. इस अवसर पर ढोल नगाड़ों के साथ लड्डू का वितरण भी किया गया. 

बाबूलाल मरांडी ने दी बधाई
वहीं झारखंड भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने द्रौपदी मुर्मू की जीत पर कहा कि यह एक ऐतिहासिक जीत है और एक नया कीर्तिमान भी. पीएम मोदी के नेतृत्व में पहली देश की आदिवासी समाज से महिला राष्ट्रपति बन रही है. आज तक इस समाज को देश में कोई महत्व नहीं दिया गया था. सभी दल राजनीति करते रहे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली दफा आदिवासी महिला को आगे कर अंतिम व्यक्ति को आगे लाने का कार्य किया. झारखंड से उनका रिश्ता 6 वर्षों से रहा है. वह यहां राज्यपाल रही हैं. झारखंड के लिए भी गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू जी को बहुत-बहुत बधाई. 

रांची प्रदेश कार्यालय में मना जश्न
वहीं, रांची के बीजेपी विधायक सीपी सिंह ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक दिन है. पहली बार आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने का अवसर मिला है. इसका श्रेय प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी को जाता है हम सभी झारखंड वासियों इस जीत पर प्रफुल्लित हैं. हम सभी में खुशी है, सभी को बहुत बहुत बधाई.

NDA की ओर से राष्ट्रपति के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के जीत का जश्न अभी से ही रांची प्रदेश कार्यालय में दोपहर से ही देखने को मिला. यहां बीच सड़क पर लोग ढोल-ताशों के साथ उतरे थे और जोरदार बारिश के बीच भी उत्साह कम नहीं हो रहा था. 

Trending news