नक्सली बना रहे हैं आम नागरिकों को निशाना, पश्चिम सिंहभूम में IED विस्फोट में बुजुर्ग महिला की मौत
Advertisement

नक्सली बना रहे हैं आम नागरिकों को निशाना, पश्चिम सिंहभूम में IED विस्फोट में बुजुर्ग महिला की मौत

पश्चिम सिंहभूम जिले के चिरियाबेड़ा टोला के पास प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) द्वारा किए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में 62 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और एक अन्य बुजुर्ग महिला घायल हो गई.

 (फाइल फोटो)

Ranchi: पश्चिम सिंहभूम जिले के चिरियाबेड़ा टोला के पास प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) द्वारा किए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में 62 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और एक अन्य बुजुर्ग महिला घायल हो गई. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. 

पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशुतोष शेखर ने बताया कि अंजनबेड़ा गांव के चिरियाबेड़ा टोला की रहने वाली चांदुकई तोमसोय और गुरुबारी तमसोय शनिवार शाम पत्ते तोड़ने के लिए जंगल में गई थीं, उसी वक्त यह घटना हुई. उन्होंने बताया कि हादसे में घायल हुई चांदूकई तोमसोय का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. एसपी ने कहा कि उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. उन्होंने बताया कि गुरुबारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. 

निर्दोष ग्रामीणों को बना रहे हैं निशाना

पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशुतोष शेखर ने बताया, 'जिले के कोर कोल्हान इलाके में 11 जनवरी को शुरू किए गए एक बड़े नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए माओवादी आईईडी लगा रहे हैं.' उन्होंने बताया, 'हालांकि, विद्रोही अब निर्दोष ग्रामीणों को भी निशाना बनाने के लिए आईईडी का इस्तेमाल कर रहे हैं.' 

उन्होंने आगे कहा कि नक्सल विरोधी अभियान में फिलहाल कोई भी रुकावट नहीं आएगी. हम और ज्यादा तेजी से ही अपने इस अभियान को चलाएंगे. जल्द ही जल्द नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल इस घटना के बाद इलाके के लोगों में गुस्सा है और वो पुलिस से जल्द से जल्द दोषी को पकड़ने की मांग कर रहे हैं.

(इनपुट भाषा के साथ)

 

Trending news