राहुल गांधी को किसने दी ये नसीहत? 'पाकिस्तान में जाकर करें भारत जोड़ो यात्रा'

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने राहुल गांधी को पाकिस्तान में 'भारत जोड़ो यात्रा' शुरू करने की सलाह दी है.

Written by - Zee Hindustan Web Team | Last Updated : Sep 7, 2022, 11:04 PM IST
  • राहुल को किसने दी पाकिस्तान जाने की नसीहत?
  • जानें किसने उड़ाया 'भारत जोड़ो यात्रा' का मजाक
राहुल गांधी को किसने दी ये नसीहत? 'पाकिस्तान में जाकर करें भारत जोड़ो यात्रा'

नई दिल्ली: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarama) ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की 'भारत जोड़ो यात्रा' का मजाक उड़ाया और इसे इस सदी की सबसे बड़ी कॉमेडी में से एक बताया.

देश को 'भारत जोड़ो यात्रा' की जरूरत नहीं
गुवाहाटी में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे देश को 'भारत जोड़ो यात्रा' की जरूरत नहीं है क्योंकि हम एक अखंड भारत में रहते हैं. भारत 1947 में केवल एक बार विभाजित हुआ था, जब एक नए देश पाकिस्तान का जन्म हुआ था और यह राहुल गांधी की पार्टी कांग्रेस थी जिसने इस विभाजन को होने दिया था.

सरमा ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष को सलाह दी कि उन्हें इसके बजाय पाकिस्तान की यात्रा करनी चाहिए ताकि लोगों को एक ऐसा भारत मिले जो विभाजन से पहले अविभाजित था.

सीएम हिमंता ने ट्वीट कर क्या कहा?
सरमा ने ट्वीट किया, 'भारत जोड़ो यात्रा सदी की कॉमेडी है! आज हम जिस भारत में रहते हैं, वह मजबूत और एकजुट है. भारत का विभाजन केवल 1947 में हुआ था क्योंकि कांग्रेस इसके लिए राजी हो गई थी. अगर वे एकीकरण चाहते हैं तो राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा के लिए पाकिस्तान जाना चाहिए.'

राहुल ने ‘भारत जोड़ो’ यात्रा की शुरुआत की
कांग्रेस ने बुधवार को कन्याकुमारी से अपनी 'भारत जोड़ो' यात्रा की औपचारिक शुरुआत की और इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि यह यात्रा भारतीय राजनीति के लिए परिवर्तनकारी क्षण है तथा यह कांग्रेस के लिए संजीवनी का काम करेगी.

पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि मौजूदा समय में तिरंगे पर हमला किया जा रहा है. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने इस यात्रा की शुरुआत के प्रतीक के तौर पर राहुल गांधी को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा और फिर कन्याकुमारी के तट पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में एक जनसभा को संबोधित किया.

सोनिया बोलीं: कांग्रेस को संजीवनी मिलेगी
कांग्रेस की रैली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी का संदेश पढ़ा गया. उन्होंने कहा कि 'भारत जोड़ो' यात्रा भारतीय राजनीति के लिए परिवर्तनकारी क्षण है और यह पार्टी के संगठन के लिए संजीवनी का काम करेगी.

राहुल गांधी ने यात्रा की औपचारिक शुरुआत के मौके पर यह दावा भी किया कि मोदी सरकार सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) और ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) का उपयोग करके विपक्षी नेताओं को डराने का प्रयास कर रही है, लेकिन कोई भी विपक्षी नेता भाजपा से डरने वाला नहीं है.

इसे भी पढ़ें- महंगाई अब 'बड़ा मुद्दा' नहीं, वित्त मंत्री ने बताया- सरकार किस ओर दे रही है ध्यान

Zee Hindustan News App: देश-दुनिया, बॉलीवुड, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल और गैजेट्स की दुनिया की सभी खबरें अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें ज़ी हिंदुस्तान न्यूज़ ऐप.

ट्रेंडिंग न्यूज़