मध्यावधि चुनाव के बाद प्रधानमंत्री शिंजो एबे की फिर से वापसी
Advertisement

मध्यावधि चुनाव के बाद प्रधानमंत्री शिंजो एबे की फिर से वापसी

मध्यावधि चुनाव में जीत के बाद जापान की संसद ने आज प्रधानमंत्री के रूप में एक और कार्यकाल के लिए शिंजो एबे के नाम पर मुहर लगा दी। उनकी यह वापसी उस वक्त हुई है जब जापान के अमनपसंद संविधान को बदलने के प्रयासों को लेकर चीन की तरफ से चेतवानी मिल रही हैं।

टोक्यो : मध्यावधि चुनाव में जीत के बाद जापान की संसद ने आज प्रधानमंत्री के रूप में एक और कार्यकाल के लिए शिंजो एबे के नाम पर मुहर लगा दी। उनकी यह वापसी उस वक्त हुई है जब जापान के अमनपसंद संविधान को बदलने के प्रयासों को लेकर चीन की तरफ से चेतवानी मिल रही हैं।

जापानी संसद के निचले सदन ने 60 साल के एबे के नाम को 73 के मुकाबले 328 मतों से स्वीकृति दी। उनके विपक्षी नेता कात्सुया ओकादा को 73 मत मिले। उनकी कैबिनेट लगभग पहले वाली है। तारो आसो उप प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री बने हैं तो फुमियो किशिदा को फिर से विदेश मंत्री और योइची मियाजावा को उद्योग मंत्री बनाया गया है।

जापान में उद्योग विभाग काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसके तहत ही परमाणु उर्जा क्षेत्र आता है और माना जा रहा है कि एबे 2011 के फुकुशिमा संयंत्र के संकट के बाद बंद किए गए कई परमाणु रिएक्टरों को फिर से आरंभ कर सकते हैं। एबे की कैबिनेट में नया चेहरा जेन नकतानी कर है जिन्हें आकिनोरी एतो के स्थान पर जापान का रक्षा मंत्री बनाया गया है। पिछले दिनों संपन्न चुनावों में एबे की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने निचले सदन में दो तिहाई बहुमत हासिल करके भारी जीत दर्ज की। उच्च सदन में भी उनके नेतृत्व वाले गठजोड़ का ही नियंत्रण है।

एबे अपने राष्ट्रवादी एजेंडे को लेकर गंभीर हैं और उन्होंने अपने देश के अमनपसंद संविधान में बदलाव की जरूरत की बात की है। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद अमेरिका की ओर से लगाए गए चार्टर को बदलने के प्रयासों को लेकर जापान दो धड़े में बट गया और चीन के साथ संबंधों में चले आ रहे तनाव में और इजाफा हो गया। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने आज कहा, एबे और उनके नए रक्षा मंत्री को सावधानी से कदम बढ़ाने की जरूरत है। दोनों जापान के आत्मरक्षा बल की मजबूत भूमिका की पैरोकारी करते हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को पैनी नजर रखनी चाहिए और इतना आगे नहीं जाने के बारे में याद दिलाते रहना चाहिए। मुख्य कैबिनेट सचिव योशिहिदे सुगा ने कहा कि एबे अपनी नयी कैबिनेट की पहली बैठक से पहले संवाददाताओं से बातचीत करेंगे।

Trending news